लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
निजी बस मालिकों ने की कार्रवाई की मांग
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) भीलवाड़ा–कोटा मार्ग पर पिछले कई महीनों से बिना परमिट के अवैध लोक परिवहन बसों के संचालन को लेकर निजी बस मालिकों में रोष है। अवैध बसों के कारण वैध रूप से चलने वाले बस मालिकों को प्रतिमाह हजारों रुपये का नुकसान हो रहा है। इसी मुद्दे को लेकर भीलवाड़ा–मांडलगढ़ निजी बस एसोसिएशन ने जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू, जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव और जिला परिवहन अधिकारी आर.के. चौधरी को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की।
एसोसिएशन अध्यक्ष कालू सिंह राठौड़ और सचिव मुंशी मोहम्मद ने बताया कि भीलवाड़ा–कोटा मार्ग पर उनकी बसों को विभाग की ओर से केवल एक फेर (एक दिन जाना–दूसरे दिन आना) का ही परमिट जारी किया गया है। इसके बावजूद कुछ लोक परिवहन बस मालिक विभागीय नियमों और टैक्स की अवहेलना करते हुए प्रतिदिन कई फेर लगाकर बसें चला रहे हैं।
ज्ञापन में बताया गया कि कोटा परमिट मार्ग—चंबल डैम वाया हलेड, दांथल, बड़लियास-मांडलगढ़—की बसों के स्थान पर अवैध बसें भीलवाड़ा से सिंगोली तक बार-बार फेरे लगाकर संचालित हो रही हैं। इससे न केवल वैध बस सेवा प्रभावित हो रही है, बल्कि सरकार को भी बड़े पैमाने पर राजस्व नुकसान हो रहा है।
एसोसिएशन ने यह आरोप भी लगाया कि अवैध संचालन करने वाले बस मालिक वैध बसों के चालकों से अभद्रता और झगड़ा भी कर रहे हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद डीटीओ द्वारा कार्रवाई नहीं करने से अवैध बस संचालकों के हौसले बढ़े हुए हैं।
बस मालिकों ने मांग की है कि—
-
भीलवाड़ा–कोटा मार्ग पर चल रही अवैध लोक परिवहन बसों को जब्त किया जाए
-
अवैध संचालन तुरंत प्रभाव से बंद करवाया जाए
ताकि वैध बस सेवा बिना बाधा के संचालित हो सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान सतीश खंडेलवाल, रमेश शर्मा, संजय खटीक, अशफाक चिश्ती, बालकिशन, अनिल पारिक, वसीम देशवाली, आजाद मोहम्मद, इरशाद मोहम्मद, शाहरुख खान सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
