लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नावां सिटी। चुनाव आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान आमजन को मिल रही समस्याओं को देखते हुए नगर कांग्रेस कमेटी नावां ने 15 नवंबर 2025 से निःशुल्क जनसहायता अभियान शुरू करने की घोषणा की है। इस सेवा शिविर का शुभारंभ पूर्व उप मुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी द्वारा प्रातः 10 बजे नगर कांग्रेस कार्यालय, मुख्य बाजार में किया जाएगा।
कांग्रेस कमेटी ने बताया कि मतदान सूची से जुड़ी प्रक्रियाओं, फॉर्म भरने, दस्तावेजों के अभाव और तकनीकी दिक्कतों के चलते कई लोग परेशान हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए यह सहायता शिविर आमजन को पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा।
अभियान की प्रमुख सुविधाएँ
-
BLO द्वारा प्रदान किए जाने वाले सभी फॉर्म भरने में निःशुल्क सहायता
-
फॉर्म के लिए आवश्यक फोटो निःशुल्क उपलब्ध
-
आवश्यक दस्तावेजों की फोटोकॉपी भी निःशुल्क
-
जिन नागरिकों के पास आवश्यक दस्तावेज नहीं हैं, उन्हें दस्तावेज उपलब्ध करवाने में सहयोग
नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बाबुलाल बजाज ने बताया कि अभियान का उद्देश्य मतदान सूची पुनरीक्षण को सरल बनाना और यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी नागरिक अपने संवैधानिक अधिकार—मताधिकार—से वंचित न रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर आमजन को जानकारी पहुँचाने की अपील की।
नगर कांग्रेस कमेटी ने नागरिकों से इस निःशुल्क सेवा शिविर का अधिकाधिक लाभ उठाने का आग्रह किया है।
