लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सुरक्षा मानकों में खामियां मिलने पर चालान और बसें जब्त
भरतपुर। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से मंगलवार को लग्जरी और स्लीपर बसों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव नवीन कुमार किलानिया के नेतृत्व में परिवहन विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने सेवर टोल प्लाजा पर बसों का सघन निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान बसों में सुरक्षा मानकों, मोटर वाहन अधिनियम, AIS-2016 तथा राजस्थान सरकार की एसओपी-2024 के अनुपालन की जांच की गई। निरीक्षण में कई बसों में सुरक्षा संबंधी गंभीर खामियां सामने आईं।
जांच के दौरान एक बस में यात्रियों की सुरक्षा के लिए अनिवार्य इमरजेंसी एग्जिट गेट नहीं मिला। इसके अलावा अन्य बसों में भी विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं पाई गईं। नियमों का उल्लंघन करने वाली बसों के चालान किए गए, जबकि गंभीर खामियां मिलने पर कुछ बसों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव नवीन कुमार किलानिया ने बताया कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि स्लीपर और लग्जरी बसों का संचालन AIS-2016, राजस्थान सरकार की एसओपी-2024 तथा मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप हो। जिन वाहनों में नियमों का उल्लंघन पाया गया, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि अभियान में जिला परिवहन अधिकारी मुद्गल, परिवहन निरीक्षक अजय सिंह, परिवहन विभाग के मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
सचिव किलानिया ने कहा कि जिन बसों को जब्त किया गया, उनमें यात्रा कर रहे यात्रियों को असुविधा न हो, इसके लिए उन्हें वैकल्पिक बसों के माध्यम से उनके गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।



















































