लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
आज के सामाजिक परिवेश में गुरु शिष्य परंपरा की अधिक आवश्यकता है: सीए मुकेश चंद्र नवाल
विद्यालय की प्राचार्या अल्पा सिंह को भी उपरना ओढ़ाकर, श्रीफल और स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) भारत विकास परिषद, महाराणा प्रताप शाखा, भीलवाड़ा ने संस्कार प्रकल्प के तहत गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर माहेश्वरी पब्लिक (एमपीएस) गर्ल्स स्कूल, आज़ादनगर, भीलवाड़ा में गुरु वंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया। मिडिया प्रभारी जितेन्द्र बाठिया ने बताया कार्यक्रम का शुभारंभ माँ भारती, माँ सरस्वती और स्वामी विवेकानंद के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसने कार्यक्रम को एक पावन गरिमा प्रदान की। शाखा के संरक्षक गोविंद नारायण राठी ने अपने संबोधन में भारत विकास परिषद के उद्देश्यों और समाज सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित सीए मुकेश चंद्र नवाल ने बच्चों को अनुशासित जीवन जीने और गुरुजनों के प्रति पूर्ण निष्ठा एवं सम्मान का भाव रखने की प्रेरणा दी। नवाल ने कहा की भारत विकास परिषद विद्यालयों में गुरु वंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित कर छात्रों में संस्कार भरने का काम करता है। आज के सामाजिक परिवेश में गुरु शिष्य परंपरा की अधिक आवश्यकता है। उनके प्रेरणादायक उद्बोधन ने छात्राओं को नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर विद्यालय की 125 छात्राओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। शाखा द्वारा सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को उपरना ओढ़ाकर, पेन और नोटबुक भेंट कर सम्मानित किया गया, जो शिक्षा के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान के प्रति आभार व्यक्त करने का प्रतीक था।
विद्यालय की प्राचार्या अल्पा सिंह को भी उपरना ओढ़ाकर, श्रीफल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। अल्पा सिंह ने अपने उद्बोधन में भारत विकास परिषद परिवार का हृदय से आभार व्यक्त किया। विद्यालय की 4 प्रतिभावान छात्राओं का भी विशेष अभिनंदन किया गया। उन्हें उपरना ओढ़ाकर, प्रशस्ति पत्र, पेन और नोटबुक प्रदान कर उनकी उपलब्धियों को सराहा गया। सौरभ माहेश्वरी ने उपस्थित सभी को भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं और राष्ट्र के प्रति अपने उत्तरदायित्वों के निर्वहन हेतु शपथ दिलाई, जिसने सभी में राष्ट्रभक्ति की भावना का संचार किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कार्यक्रम प्रभारी महावीर पारीक ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर शाखा के अध्यक्ष प्रेम नारायण मिश्रा, सचिव सतीश बोहरा, कोषाध्यक्ष हरि प्रसाद राठी, महिला संयोजिका निशा सेंकड़ा सहित प्रेम नारायण मिश्रा, सतीश बोहरा, महावीर पारीक, मनोहर डुमोलिया, समर शर्मा, महेश कुमार मेहता जैसे प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे।
