लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कोटपूतली।
कोटपूतली में नेशनल हाईवे-48 पर बीडीएम अस्पताल के सामने स्थित पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह के पास एक वर्षों पुराना कुआं इन दिनों हादसे का कारण बन सकता है। अतिक्रमण हटने के बाद यह कुआं पूरी तरह खुला छोड़ दिया गया है, जबकि मौके पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुएं के आसपास न तो सुरक्षा जाली लगाई गई है और न ही किसी प्रकार की चेतावनी पट्टिका लगाई गई है। ऐसे में यहां आने-जाने वाले लोगों और आवारा पशुओं के लिए खतरा बना हुआ है। क्षेत्र में लगातार आवारा पशुओं की आवाजाही रहती है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका, एसडीएम कार्यालय, पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन से जल्द कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों ने प्रशासन से कुएं को भरवाने अथवा सुरक्षित करवाने के साथ-साथ यात्रियों के बैठने और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
