लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पीएम मोदी ने किया वर्चुअल लोकार्पण
पाली। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत अजमेर मंडल के सोमेसर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकसित स्वरूप का शुक्रवार को शुभारंभ किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्टेशन का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। इस अवसर पर सोमेसर स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में देवस्थान, गौपालन, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत, पाली सांसद पीपी चौधरी, मारवाड़ जंक्शन विधायक केसाराम चौधरी, पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख और मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने उद्घाटन पट्टिका का अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रेम रंजन ठाकुर, अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा सहित रेलवे अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने बताया कि सोमेसर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य को 12.41 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया गया है। स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करते हुए यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है।
उन्होंने बताया कि स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर 1453 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में नया आकर्षक स्टेशन भवन तैयार किया गया है। इसके साथ ही 242 वर्ग मीटर का द्वितीय प्रवेश द्वार भी विकसित किया गया है। दोनों प्रवेश द्वारों के आसपास 2660 वर्ग मीटर क्षेत्र में बेहतर लैंडस्केपिंग, अलग प्रवेश-निकास द्वार और ड्रॉप-ऑफ एवं पिक-अप पोर्च की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
यात्रियों के लिए 380 वर्ग मीटर का आधुनिक प्रतीक्षालय, दोनों प्लेटफॉर्मों पर 8950 वर्ग मीटर क्षेत्र में रीसरफेसिंग कार्य और धूप एवं बारिश से बचाव के लिए 765 वर्ग मीटर का नया प्लेटफॉर्म शेल्टर बनाया गया है। स्टेशन परिसर की सुरक्षा के लिए 350 मीटर लंबी बाउंड्री वॉल का निर्माण भी किया गया है।
रेलवे ने स्टेशन को पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए 90 किलोवाट पीक (KWP) क्षमता का ग्रिड कनेक्टेड सोलर पावर प्लांट स्थापित किया है। यात्रियों की सुविधा के लिए दोनों प्रवेश द्वारों पर अनारक्षित टिकट के लिए एटीवीएम (ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन) लगाई गई हैं, जबकि आरक्षित टिकट के लिए टिकट काउंटर की व्यवस्था की गई है।
स्टेशन पर यात्रियों के आराम के लिए वेटिंग रूम और वीआईपी रूम में एयर कंडीशनर लगाए गए हैं। वेटिंग हॉल में बेहतर हवा के प्रवाह के लिए 12 फीट का एचवीएलएस पंखा लगाया गया है। स्टेशन परिसर में 146 इनडोर एलईडी डाउन लाइट्स, फसाड लाइटिंग, 8 डेकोरेटिव एलईडी पोल और 4 हाई मास्ट टावर लगाए गए हैं।
यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए 57 साइनेज बोर्ड और हिंदी-अंग्रेजी में स्टेशन नाम बोर्ड लगाए गए हैं। आपातकालीन बिजली आपूर्ति के लिए 62.5 केवीए का डीजी सेट स्थापित किया गया है। दोनों प्लेटफॉर्मों पर कुल 50 कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड लगाए गए हैं। इसके अलावा एलईडी डिस्प्ले, वीडियो वॉल, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम और जीपीएस आधारित डिजिटल घड़ियों की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
स्टेशन पर हाई-स्पीड वाई-फाई सुविधा भी शुरू की गई है। सोमेसर स्टेशन को पूरी तरह दिव्यांगजन अनुकूल बनाया गया है। दोनों प्लेटफॉर्मों पर टेकटाइल टाइल्स लगाई गई हैं तथा फुट ओवर ब्रिज पर यात्रियों की सुविधा के लिए दो आधुनिक पैसेंजर लिफ्ट स्थापित की गई हैं। दिव्यांगजनों के लिए विशेष शौचालयों का भी निर्माण किया गया है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि पुनर्विकसित सोमेसर रेलवे स्टेशन का आधुनिक स्वरूप स्थानीय यात्रियों सहित इस मार्ग से गुजरने वाले सभी रेल यात्रियों के सफर को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और आरामदायक बनाएगा।




















































