लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर (नितिन मेहरा)। जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू है और उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं से घबराने की आवश्यकता नहीं है। जिला कलेक्टर लोकबंधु ने बताया कि गैस एजेंसियों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और नियमित रूप से गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में गैस एजेंसियों पर बुकिंग की प्रक्रिया सामान्य रूप से संचालित हो रही है। उपभोक्ता द्वारा सिलेंडर प्राप्त करने के बाद नियमानुसार 25 दिन बाद अगली बुकिंग करवाई जा सकती है, जिससे सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जा सके।
जिला कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण, जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए संबंधित विभागों द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिले में गैस वितरण व्यवस्था की निगरानी के लिए विजिलेंस कमेटी को सक्रिय रखा गया है, जो एजेंसियों के स्टॉक और वितरण व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग कर रही है। साथ ही जिला स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम के माध्यम से भी गैस आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों और सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे केवल अधिकृत गैस एजेंसियों से ही गैस सिलेंडर प्राप्त करें और किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत होने पर तुरंत प्रशासन को सूचना दें।
गैस आपूर्ति से संबंधित शिकायत दर्ज कराने के लिए जिला स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम के फोन नंबर 0145-2628932 पर संपर्क किया जा सकता है।















































