लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्टर: संजीव बंसल | कठूमर (अलवर)
कठूमर उपखंड मुख्यालय में अहिंसा सर्किल से लक्ष्मणगढ़ रोड जाने वाले मार्ग पर सोमवार दोपहर अव्यवस्थित पार्किंग और सड़क किनारे खड़ी सब्जी की रेहड़ियों के कारण भीषण जाम लग गया। तहसील कार्यालय और पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) कार्यालय के सामने बने इस जाम से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति ऐसी हो गई कि राहगीरों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अवैध पार्किंग और रेहड़ियों के कारण प्रतिदिन जाम की स्थिति बनती है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से समस्या लगातार बनी हुई है। बाजार की आधी सड़क वाहनों के जमावड़े और अतिक्रमण के कारण बाधित रहती है, जिससे यातायात प्रभावित होता है।
जाम के दौरान एक एंबुलेंस भी वाहनों के बीच फंस गई। इसके कुछ ही देर बाद पुलिस उपाधीक्षक की सरकारी गाड़ी भी जाम में अटक गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी स्वयं वाहन से उतरा और सड़क पर खड़ी मोटरसाइकिलों को हटवाते हुए वाहन चालकों को तत्काल वाहन किनारे लगाने के निर्देश दिए। इसके बाद सबसे पहले एंबुलेंस को सुरक्षित निकाला गया और फिर पुलिस की गाड़ी को रास्ता मिल सका।
पुलिस उपाधीक्षक जोगेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि हाल ही में आयोजित सीएलजी बैठक में व्यापारियों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने और सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने को लेकर चर्चा की गई थी। उन्होंने कहा कि सड़क पर अवैध पार्किंग या अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ यातायात अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लगातार लग रहे जाम से स्थानीय व्यापारियों, राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से नियमित अभियान चलाकर अवैध पार्किंग और सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने की मांग की है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।



















































