लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भरतपुर। जिले के सेवर थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में अहिल्याबाई होल्कर की तस्वीर पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा कालिख पोत दी गई, जिससे गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने इस अपमानजनक कृत्य की निंदा करते हुए प्रदर्शन किया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही सेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायज़ा लिया। पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में अहिल्याबाई होल्कर की तस्वीर को साफ करवाया और लोगों को शांत कराया।
ग्रामीणों ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सेवर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि यह कार्य किसी असामाजिक तत्व द्वारा समाज में अशांति फैलाने के उद्देश्य से किया गया है। पुलिस ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया है कि इस शर्मनाक हरकत को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति बनी हुई है, लेकिन ग्रामीणों की मांग है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए ताकि भविष्य में कोई इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न कर सके। मामला संवेदनशील होने के चलते पुलिस पूरी सतर्कता बरत रही है।


















































