लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर। राजस्थान पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (RPTC), जोधपुर के सुल्तान सिंह स्टेडियम में नव आरक्षकों की संयुक्त दीक्षांत परेड आयोजित हुई। RPTC बैच संख्या 92/26 और पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (PTS) बैच संख्या 41/26 के कुल 1418 नव आरक्षकों ने पुलिस सेवा के प्रति कर्तव्य, अनुशासन और निष्ठा की शपथ ली।
समारोह के मुख्य अतिथि अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (प्रशिक्षण), राजस्थान एच.जी.आर. सुहास (IPS) रहे। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और मार्चपास्ट की सलामी ली। समारोह में एसपीयूपी, जोधपुर के प्रो. वीसी एवं उप महानिरीक्षक पुलिस देवेंद्र कुमार बिश्नोई (IPS) भी मौजूद रहे। RPTC जोधपुर के प्रधानाचार्य डॉ. महावीर सिंह राणावत (IPS) ने समारोह की व्यवस्थाओं का संचालन किया।
परेड में दिखा अनुशासन और आत्मविश्वास
दीक्षांत समारोह के दौरान नव आरक्षकों ने शारीरिक दक्षता, अनुशासन और समन्वय का प्रदर्शन किया। जवानों ने मार्चपास्ट के साथ लेजिम डांस, आत्मरक्षा कौशल और पुलिस बैंड की प्रस्तुति दी। इन प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
प्रशिक्षण अवधि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 नव आरक्षकों को पदक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
आधुनिक पुलिसिंग पर प्रशिक्षण में जोर
एडीजी पुलिस प्रशिक्षण एच.जी.आर. सुहास ने कहा कि अलग-अलग सामाजिक और शैक्षणिक पृष्ठभूमि से आने वाले आरक्षकों में एकरूपता लाने के लिए प्रशिक्षण महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि बदलते पुलिसिंग सिस्टम को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में कंप्यूटर साइंस, नारकोटिक्स, गैंगस्टर निरोधक उपाय और नए आपराधिक कानूनों से जुड़े विषयों को शामिल किया गया है।
उन्होंने नव आरक्षकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आमजन के प्रति संवेदनशीलता, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा के साथ काम करने का आह्वान किया।
दीक्षांत समारोह के बाद प्रशिक्षण पूरा कर चुके सभी 1418 नव आरक्षक अब राजस्थान पुलिस में अपनी नई जिम्मेदारियां संभालेंगे और कानून-व्यवस्था, नागरिक सुरक्षा तथा जनसेवा के दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
