लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विधायक रामस्वरूप लांबा ने किया शिलान्यास
पीसांगन (अजमेर)।(ओमप्रकाश चौधरी) नसीराबाद विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए विधायक रामस्वरूप लांबा ने डीएमएफटी (DMFT) मद से स्वीकृत 1.05 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सात नए कक्षा कक्षों का शिलान्यास किया। यह निर्माण कार्य क्षेत्र के सात राजकीय विद्यालयों में कराया जाएगा।
शिलान्यास समारोह के मुख्य अतिथि विधायक रामस्वरूप लांबा रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष बीरम पीपाड़ा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में रामपुरा डाबला की प्रशासक सीमा चौधरी, बुधवाड़ा के प्रशासक जगदीश गुर्जर, पिचोलिया की प्रशासक अनोप कंवर तथा भगवानपुरा की प्रशासक केलीदेवी रावत मौजूद रहे।
इन गांवों के विद्यालयों को मिलेगा लाभ
डीएमएफटी मद से मोतीसर, रावतों की ढाणी, भगवानपुरा, पिचोलिया, नूरियावास, बुधवाड़ा, रामपुरा डाबला और फतेहपुरा के राजकीय विद्यालयों में कुल सात नए कक्षा कक्षों का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना पर 1.05 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
शिक्षा को मजबूत करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध: विधायक
विधायक रामस्वरूप लांबा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नए कक्षा कक्ष बनने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से विकास कार्यों में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में यह पहल भविष्य की पीढ़ी के लिए लाभदायक साबित होगी।
राजस्थानी परंपरा से हुआ स्वागत
समारोह के दौरान विधायक रामस्वरूप लांबा एवं अन्य अतिथियों का राजस्थानी परंपरा के अनुसार स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। स्थानीय लोगों ने शिक्षा के क्षेत्र में इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम में पूर्व प्रधान दिलीप पचार, विकास अधिकारी साजिया तब्बसुम, तहसीलदार ललित जिंदोलिया, सीबीईईओ वीणा अग्रावत, अतिरिक्त विकास अधिकारी महेंद्र मालाकार, एसीबीईओ हंसराज चौधरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष मुन्नालाल कुमावत, पूर्व सरपंच चेनाराम चौधरी, रमेशसिंह रावत, पीईईओ रीता जैन, जितेंद्र सेल, जितेंद्र सिंह राठौड़, उदाराम कुमावत, सुरेश मावर, सौदान पड़ौदा, संदीप ढंझा, सुखपाल पड़ौदा, नेमीचंद पड़ौदा, पंडित धरणीधर जोशी, मनीष जैसवानी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।