लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
झालावाड़। झालावाड़ जिले के बकानी क्षेत्र में एक मादा नीलगाय 35 फीट गहरे कुएं में गिर गई। वन विभाग और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से नीलगाय को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक परीक्षण के बाद पास के जंगल में छोड़ दिया गया।
यह घटना रेंज बकानी के नाका-बकानी क्षेत्र अंतर्गत बीट बांस खोयरा के राजस्व ग्राम राड़ी कोटड़ा की है। गांव निवासी किसान रामनारायण गुर्जर के खेत में स्थित बिना मुंडेर वाले कुएं में नीलगाय के गिरने की सूचना मिलते ही वन विभाग ने तत्काल संज्ञान लिया।
नाका स्टाफ बकानी ने ग्राम राड़ी कोटड़ा एवं आमझर कला के ग्रामीणों के सहयोग से मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कुएं की गहराई लगभग 35 फीट होने के कारण नीलगाय स्वयं बाहर निकलने में असमर्थ थी।
वन विभाग की टीम एवं ग्रामीणों ने रस्सियों की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद नीलगाय को सकुशल कुएं से बाहर निकाला। प्राथमिक परीक्षण में नीलगाय पूरी तरह स्वस्थ पाई गई, जिसके बाद उसे नजदीकी जंगल क्षेत्र में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया।