लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
आपणों अग्रणी राजस्थान: लोकल फॉर वोकल के संकल्प को साकार कर रहा आरसीडीएफ
जयपुर । राजस्थान को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (आरसीडीएफ) और इससे जुड़े जिला दुग्ध संघ लोकल फॉर वोकल के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विजन “आपणों अग्रणी राजस्थान” के तहत राज्यभर के सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालय परिसरों, शैक्षणिक संस्थानों और चिकित्सा संस्थानों में सरस आउटलेट्स खोले जा रहे हैं।
जयपुर में जवाहरलाल नेहरू मार्ग स्थित सरस पार्लर, सचिवालय परिसर तथा आरटीडीसी के नाहरगढ़ स्थित पड़ाव रेस्टोरेंट में शुरू किए गए सरस आउटलेट्स की सफलता के बाद आरसीडीएफ इस योजना के विस्तार पर गंभीरता से काम कर रहा है। इन स्थानों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता युक्त सरस दूध एवं दुग्ध उत्पाद उचित मूल्य पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
आत्मनिर्भर राजस्थान की दिशा में सशक्त पहल
आरसीडीएफ की प्रबंध संचालक श्रुति भारद्वाज ने बताया कि फेडरेशन का लक्ष्य राज्य के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालय परिसरों में सरस आउटलेट्स खोलना है। उन्होंने बताया कि आरसीडीएफ द्वारा एसएमएस अस्पताल एवं राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (आरएसआरटीसी) के साथ एमओयू किया जा चुका है तथा शीघ्र ही अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों से भी एमओयू किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि यह पहल वोकल फॉर लोकल के संकल्प को धरातल पर उतारने का सशक्त उदाहरण है, जिससे स्थानीय उत्पादन, स्थानीय रोजगार और स्थानीय उपभोग को बढ़ावा मिलेगा और सहकारी डेयरी व्यवस्था मजबूत होगी।
पशुपालकों को मिलेगा स्थायी बाजार
पशुपालन एवं गोपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि आरसीडीएफ की इस पहल से जहां एक ओर स्थानीय उत्पादों के उपभोग को बढ़ावा मिलेगा, वहीं दुग्ध सहकारिता से जुड़े पशुपालकों को स्थायी बाजार उपलब्ध होगा। इससे पशुपालकों की आय में वृद्धि होगी और आत्मनिर्भर राजस्थान की दिशा में यह एक बड़ा कदम साबित होगा। साथ ही, शहरी क्षेत्रों में उचित मूल्य पर गुणवत्तायुक्त डेयरी उत्पादों की उपलब्धता से उपभोक्ताओं का विश्वास भी बढ़ेगा।
बस स्टैंड और अस्पताल परिसरों में सरस आउटलेट्स
इस योजना के अंतर्गत अभी तक जवाहरलाल नेहरू मार्ग, सचिवालय एवं नाहरगढ़ स्थित पड़ाव रेस्टोरेंट में सरस पार्लर सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं। आरसीडीएफ ने एसएमएस अस्पताल एवं राजस्थान पथ परिवहन निगम के साथ एमओयू किया है, जिसके तहत अस्पताल परिसरों में सरस प्लाजा खोले जाएंगे। यहां मरीजों, उनके परिजनों, चिकित्सा कर्मियों और स्टाफ को पौष्टिक एवं सुरक्षित दुग्ध उत्पादों के साथ आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
इसी प्रकार राज्य के प्रमुख रोडवेज बस स्टैंड और परिवहन केंद्रों पर भी सरस आउटलेट्स खोले जाएंगे, जहां यात्रियों को दूध एवं दुग्ध उत्पाद उचित मूल्य पर सुलभ होंगे।
शैक्षणिक संस्थानों में भी होंगे सरस आउटलेट्स
आरसीडीएफ राज्यभर की सरकारी एवं निजी यूनिवर्सिटीज तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों से भी एमओयू करेगा, जिससे छात्रों को उनके परिसर में ही स्वास्थ्यवर्धक और गुणवत्तायुक्त डेयरी उत्पाद उपलब्ध कराए जा सकें।