लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
शिकायतों के बावजूद नहीं हो रहा समाधान, वार्ड 19 में बढ़ रही परेशानियाँ
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क | उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)
शहर के वार्ड नंबर 19 में रामद्वारे के पास स्थित मुख्य मार्ग का 20 फीट हिस्सा पिछले 20 वर्षों से अधूरा पड़ा है। इस अधूरे मार्ग के कारण वार्डवासियों को वर्षों से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह कच्चा पड़ा रास्ता सवाई माधोपुर रोड फुलबारी से मुख्य बाजार और रघुनाथ मंदिर को जोड़ता है। इस मार्ग से प्रतिदिन उनियारा और आसपास के गांवों के सब्ज़ी विक्रेता, चारा व्यापारी, निजी विद्यालयों के छोटे बच्चे, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सैकड़ों स्थानीय निवासी पैदल एवं दुपहिया वाहनों से गुजरते हैं।
स्थानीय लोग बताते हैं कि
“वार्ड में बच्चे पैदा हुए, बड़े हो गए, लेकिन 20 फीट का यह रोड अभी तक नहीं बना।” 
रामद्वारे से रमेश जांगिड़ के मकान तक यह सड़क कच्ची पड़ी है। सड़क के दोनों ओर नालियां नहीं होने से आसपास के मकानों का पानी इसी मार्ग पर बहता है, जिससे लोगों को भारी असुविधा होती है।
वार्ड निवासी रमेश जांगिड़ ने बताया कि इस संबंध में कई बार प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन आज तक किसी ने ध्यान नहीं दिया। वार्ड पार्षद रेखा बढ़ाया को भी अवगत करवाया गया, परंतु शिकायतों का समाधान नहीं हुआ।
उनका कहना है—
“नगर पालिका में हमारी कोई सुनवाई नहीं होती।”
करीब 20 वर्ष पूर्व पार्षद बाबूलाल कासलीवाल के कार्यकाल में यह सड़क बनी थी, परंतु निर्माण की गुणवत्ता खराब होने के कारण एक वर्ष में ही सड़क नष्ट हो गई। इन 20 वर्षों में बाबूलाल कासलीवाल (भाजपा), वाजनूर अहमद, ओमप्रकाश सैनी (निर्दलीय) और वर्तमान में रेखा बढ़ाया (भाजपा) वार्ड पार्षद रहे, पर सड़क अब भी अधूरी ही पड़ी है।
वार्डवासी वर्षों से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।