लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रियांबड़ी (नागौर) : थांवला थाना पुलिस ने 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में आरोपी जगदीश सिंह को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नागौर और वृत्ताधिकारी डेगाना के निर्देशन में की गई।
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी भंवरसिंह ने 14 जुलाई 2025 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में कहा गया कि आरोपी ने पारिवारिक संबंध और अधिक ब्याज का लालच देकर 20 लाख रुपये अलग-अलग किश्तों में निवेश के नाम पर हड़प लिए। आरोपी ने पैसे निवेश और ब्याज का भरोसा दिया, लेकिन न मूलधन लौटाया और न ब्याज।
जांच में सामने आया कि आरोपी पूर्व में 6 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामलों में भी संलिप्त था और उन मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। प्रकरण संख्या 148/2025, धारा 420 व 406 आईपीसी के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस टीम द्वारा अन्य पीड़ितों की जानकारी जुटाने और जांच जारी है।


















































