लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीगंगानगर (मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ) – श्रीकरणपुर में आज सुबह एक व्यक्ति की जलदाय विभाग की डिग्गी में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान वार्ड नंबर 24 निवासी गुरजिंदर सिंह (पुत्र अवतार सिंह) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार गुरजिंदर सिंह शुक्रवार शाम से घर से बिना बताए कहीं चले गए थे। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। आज सुबह करीब 10 बजे, परिजन उन्हें ढूंढते हुए गवर्नमेंट हाई स्कूल की तरफ जा रहे थे कि गुरजिंदर सिंह की स्वेटर और चप्पल जलदाय विभाग की बाउंड्री वॉल के पास डिग्गी के किनारे मिली।
परिजनों ने संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सिविल डिफेंस श्रीगंगानगर की टीम ने प्रभारी हेतराम स्वामी के नेतृत्व में लगभग 2 घंटे की तलाश के बाद शव को गहरे पानी से बाहर निकाला।
पुलिस थाना श्रीकरणपुर के एएसआई रणवीर भादू ने बताया कि मृतक के पुत्र गुरप्रीत सिंह ने किसी प्रकार की कार्रवाई न करने की इच्छा जताई। इसके बाद शव का पंचनामा कर मर्ग दर्ज कर परिजनों को सौंपा गया, और देर शाम गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
