लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ग्रामीणों को दी योजनाओं की जानकारी
समदड़ी। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से समदड़ी क्षेत्र में इन दिनों “समृद्ध किसान खुशहाल राजस्थान” थीम के तहत ग्राम रथ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत अम्बो का बाड़ा में ग्राम रथ पहुंचा, जहां ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में तहसीलदार नारायण राम देवासी एवं ग्राम रथ प्रभारी विकास अधिकारी करनाराम पटेल की उपस्थिति में एलईडी वैन के माध्यम से 13 विभागों की योजनाओं का लाइव प्रसारण दिखाया गया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे उपयोगी बताया।
इस दौरान ग्राम पंचायत की सरपंच लीला देवी भील, ग्राम विकास अधिकारी मनफूल गोदारा सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
तहसीलदार नारायण राम देवासी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम रथ सरकार की योजनाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे कृषि, पशुपालन एवं अन्य योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर अपना पंजीकरण करवाएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।
वहीं विकास अधिकारी करनाराम पटेल ने योजनाओं की तकनीकी जानकारी देते हुए बताया कि एलईडी वैन के माध्यम से पारदर्शी तरीके से सूचनाएं गांव-गांव पहुंचाई जा रही हैं। साथ ही, ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए सुझाव पेटी की व्यवस्था भी की गई है, जिसमें शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
इस मौके पर सरपंच प्रतिनिधि जेठाराम भील सहित अम्बो का बाड़ा के बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।