लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
धौलपुर से मुनेश धाकरे की रिपोर्ट
धौलपुर जिले के राजाखेड़ा -कस्बे के पिनहाट तिराहे पर सोमवार की रात को बजरी माफियाओं द्वारा पुलिस के गश्ती दल पर फायरिंग करने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। बजरी माफियाओ की फायरिंग में पुलिस का जवान घायल हो गया था। पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरड़ा के निर्देश में करीब एक दर्जन पुलिस थानों की टीम का गठन कर इलाके में नाकाबंदी कराई गई। नाकाबंदी के दौरान पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से तीन बदमाश घायल हुए हैं। जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया है।
जानकारी के मुताबिक राजाखेड़ा पुलिस थाने का गश्ती दल सोमवार रात्रि को कस्बे में गश्त कर रहा था। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि बजरी माफिया राजाखेड़ा कस्बे के पिनाहट तिराहे पर अवैध चम्बल बजरी का परिवहन कर ले जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस का गश्ती दल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने बजरी माफियाओं को रोकने का प्रयास किया तो बजरी माफियाओं को एस्कॉर्ट कर साथ चल रहे बाइक सवार दो बदमाशों ने पुलिस की गाड़ी पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। बदमाशों की गोली पुलिस की गाड़ी के शीशे को चीरती हुई पुलिस जवान रामसहाय को लग गई। जवान को गोली लगने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घायल पुलिस के जवान को राजाखेड़ा सरकारी अस्पताल से उत्तर प्रदेश के नजदीकी शहर आगरा रेफर कर दिया। पुलिस के इकबाल पर हमला होने के बाद पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरड़ा हरकत में आ गए। जिले के राजाखेड़ा,मनिया, दिहोली समेत एक दर्जन पुलिस थानों की टीम का स्पेशल गठन किया गया। बदमाशों को पकड़ने के लिए जगह-जगह नाकाबंदी पॉइंट लगाए गए। इस दौरान पुलिस और बजरी माफियाओं की मुठभेड़ हो गई।
बजरी माफिया से जुड़े बदमाशों ने की पुलिस पर फायरिंग
बजरी माफियाओं ने फिर से पुलिस को टारगेट कर फायरिंग कर दी। डिफेंस में पुलिस ने भी बजरी माफियाओं पर गोली दाग दी। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से बदमाश 21 वर्षीय सचिन पुत्र बनवारी लाल ठाकुर निवासी नदौरा, 22 वर्षीय अजय पुत्र आसाराम निवासी श्रीपाल की घड़ी और 21 वर्षीय विशाल पुत्र रामवीर निवासी कटरा का पुरा घायल हुआ है। तीनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी है। जिन्हें पुलिस ने जिला अस्पताल भर्ती कराया है। जिला अस्पताल इमरजेंसी प्रभारी डॉक्टर सौरभ सक्सेना ने बताया तीनों घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है। ट्रॉमा सेंटर में उपचार किया जा रहा है।
गोली लगने से कांस्टेबल रामसहाय की हालत नाजुक
गोली लगने से घायल हुए कांस्टेबल रामसहाय की हालत नाजुक बताई जा रही है। जिसे उपचार के लिए आगरा भेजा गया है। राजाखेड़ा थाना प्रभारी रामकिशन यादव ने बताया कि आगरा के निजी अस्पताल में कांस्टेबल का उपचार किया जा रहा है। 3 बजरी माफिया के बदमाश भी घायल
मुठभेड़ के दौरान तीन बजरी माफिया घायल हुए हैं। जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया है। घटना की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।