लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कांग्रेस सरकार में शुरू प्रोजेक्ट्स ठप्प, आपराधिक लापरवाही करार
अस्पताल, लाइब्रेरी, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और एलिवेटेड रोड पर सवाल
जोधपुर ।
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू कराए गए प्रोजेक्ट्स को रोकने के लिए राज्य सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। उन्होंने इसे “आपराधिक लापरवाही” बताते हुए कहा कि करोड़ों–अरबों रुपये खर्च करने के बाद भी जनता को लाभ नहीं मिल पा रहा है।
सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में गहलोत ने कहा कि मंडोर, डिगाड़ी, चौपासनी हाउसिंग बोर्ड, प्रताप नगर सहित कई क्षेत्रों में निर्मित जिला अस्पताल, सैटेलाइट हॉस्पिटल और अन्य संस्थानों का कार्य ठप पड़ा है।
उन्होंने कहा, “जहाँ 12 डॉक्टर होने चाहिए थे, वहाँ केवल दो डॉक्टर हैं। कई अस्पतालों में उपकरण नहीं पहुंचे, कई प्रोजेक्ट पूरे होने के बाद भी चालू नहीं किए जा रहे।”
एलिवेटेड रोड का काम भी अटका
गहलोत ने महामंदिर से अखलिया चौराहे तक एलिवेटेड रोड परियोजना में हो रही देरी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि डीपीआर तैयार हो चुकी है, टेंडर भी जारी हो चुके हैं, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ है, जिससे लागत बढ़ने की आशंका है।
“कोटा का रिवर फ्रंट गुजरात मॉडल को पीछे छोड़ सकता है”
पूर्व मुख्यमंत्री ने कोटा रिवर फ्रंट को अपनी सरकार की उपलब्धि बताते हुए कहा कि वह गुजरात मॉडल के रिवरफ्रंट से कई गुना बेहतर है।
जयपुर के कंस्टीट्यूशन क्लब, गांधी म्यूज़ियम और गवर्नेंस संस्थान के उपयोग नहीं होने पर भी गहलोत ने नाराज़गी जताई।
एसआई भर्ती पर उन्होंने कहा कि मामला अदालत में लंबित है इसलिए टिप्पणी उचित नहीं।



















































