लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ बोले— “अंता की हार की जिम्मेदारी मेरी, जनादेश का सम्मान; त्रुटियों की होगी समीक्षा और सुधार”
बिहार की ऐतिहासिक जीत पर जनता के प्रति आभार, विपक्ष पर साधा निशाना
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क, जयपुर
(रूपनारायण सांवरिया)
जयपुर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन को मिली ऐतिहासिक जीत पर बिहार की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा करते हुए केंद्र सरकार के 11 वर्षों के विकास कार्यों को समर्थन दिया है। बिजली, सड़क, रेलवे एवं फ्लाईओवर जैसी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार ने बिहार की नई पहचान बनाई है, जिसका परिणाम जनादेश के रूप में सामने आया है।
राठौड़ ने कहा कि पीएम मोदी के खिलाफ विपक्ष की नकारात्मक और भ्रामक राजनीति को जनता ने करारा जवाब दिया है। उन्होंने विपक्षी गठबंधनों पर प्रहार करते हुए कहा कि सत्ता पाने की लालसा में बने “बेमेल गठबंधन” को जनता ने पूरी तरह खारिज कर दिया।
कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि 243 सीटों में से मात्र 1–2 सीटों पर संघर्ष करना कांग्रेस के समाप्त होते जनाधार का संकेत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपनी नीतियों एवं कार्यशैली पर आत्मचिंतन की आवश्यकता है। राठौड़ ने यह भी कहा कि लालू यादव के भ्रष्टाचार और राहुल गांधी से हुए समझौते ने बिहार में विपक्ष की स्थिति को और कमजोर किया।

अंता उपचुनाव: राठौड़ ने ली हार की जिम्मेदारी
अंता विधानसभा उपचुनाव परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि संगठन के मुखिया के रूप में हार की पूर्ण जिम्मेदारी उनकी है।
उन्होंने कहा—
“अंता की जनता के जनादेश का हम सहर्ष सम्मान करते हैं। जहां भी त्रुटि रही है, उसकी समीक्षा कर सुधार किया जाएगा।”
राठौड़ ने अंता के शांतिपूर्ण मतदान के लिए जनता का धन्यवाद किया और विजयी उम्मीदवार प्रमोद जैन भाया को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा फैलाए गए भ्रम का समय पर प्रभावी निराकरण नहीं किया जा सका, और जनजागृति में कमी रह गई। पार्टी स्तर पर इसकी गंभीर समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उपचुनाव और आम चुनाव के मुद्दे अलग होते हैं और अंता का परिणाम राज्य की सत्ता परिवर्तन का संकेत नहीं है। राठौड़ ने कहा कि भाजपा इस परिणाम को एक सीख और भविष्य की तैयारी के रूप में ले रही है।

“एक सीट जीतकर खुशियां मनाने वालों को बिहार में अपनी स्थिति भी देखनी चाहिए”
विपक्ष पर हमला बोलते हुए राठौड़ ने कहा कि एक सीट जीतकर उत्सव मनाने वालों में राष्ट्र प्रथम की भावना का अभाव दिखाई देता है।
उन्होंने कहा—
“यदि राष्ट्र सर्वोपरि होता, तो वे बिहार में अपने गठबंधन की दयनीय स्थिति पर आत्ममंथन करते।”
उन्होंने ईवीएम पर सवाल उठाने को लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत बताते हुए कहा कि विपक्ष को सुर्खियां बटोरने की बजाय जनता के निर्णय का सम्मान करना चाहिए।
















































