लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
शादी के सीजन में मिलावटखोरों पर सख्ती
कलेक्टर के निर्देश पर कार्रवाई, पुराने पनीर को कराया नष्ट
बयाना (वैर) | संवाददाता – सोमेश कुमार सिंघल
शादी के सीजन को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर महोदय के आदेशानुसार, खाद्य निरीक्षक महेश शर्मा ने शुक्रवार को छोटा बाजार बयाना और आसपास के इलाकों में खाद्य सामग्री की जांच की।
कार्रवाई के दौरान सुरेश मिष्ठान भंडार से कलाकंद का नमूना लिया गया, वहीं गांधी चौक स्थित गोवर्धन मिष्ठान भंडार से पनीर और खोवा का नमूना लिया गया। निरीक्षण के दौरान दुकान पर पुराना पनीर पाया गया, जिसे तत्काल नष्ट कराया गया।
इसके साथ ही तरसुमा स्थित खोवा प्लांट से भी खोवे का नमूना लिया गया है। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
खाद्य निरीक्षक महेश शर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई शादी के सीजन में मिलावटखोरों पर नियंत्रण के उद्देश्य से की जा रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार की जांच कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके।
















































