लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)
उनियारा। विधानसभा क्षेत्र देवली-उनियारा के प्रभारी अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर (बीसलपुर परियोजना) भूपेंद्र यादव ने शुक्रवार को उपखंड अधिकारी उनियारा, तहसीलदार उनियारा तथा तहसीलदार अलीगढ़ के साथ मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
क्षेत्रीय निरीक्षण और बीएलओ को निर्देश
एडीएम यादव ने खेलनिया, ककोड़ और नयागांव क्षेत्रों में गणना प्रपत्र वितरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देश देते हुए कहा कि प्रतिदिन कम से कम 100 गणना प्रपत्र वितरित किए जाएं और मतदाताओं को यह भी समझाया जाए कि गणना प्रपत्र को किस प्रकार भरना है और यह क्यों आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि बीएलओ अपने रजिस्टर अपडेट रखें और बीएलओ ऐप पर वितरण की जानकारी समय पर अपलोड करें।
सुबह के समय करें प्रपत्र वितरण – एसडीओ पूजा मीणा
निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी पूजा मीणा ने भी बीएलओ को निर्देश दिए कि गणना प्रपत्र का वितरण सुबह के समय ही किया जाए, क्योंकि ग्रामीण मतदाता प्रातः समय में घर पर मिलते हैं, बाद में वे कृषि कार्य के लिए खेतों की ओर चले जाते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि निर्धारित समयसीमा में पुनरीक्षण कार्य पूरा किया जाए ताकि मतदाता सूची को सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।















































