मनोहरपुर मजदूरों से भरी बस हाई टेंशन लाइन की चपेट में आई, 3 की मौत, 10 से अधिक झुलसे

0
430
- Advertisement -
लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
जयपुर/मनोहर थाना। जयपुर से करीब 50 किलोमीटर दूर मनोहर थाना इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मजदूरों से भरी एक बस हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से करंट फैल गया और बस में आग लग गई। इस हादसे में 3 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

सभी मजदूर बस भरकर यूपी से आ रहे थे

बताया जा रहा है कि बस में उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से आए करीब 65 मजदूर अपने परिवार सहित सवार थे। मजदूरों के साथ उनके खाने-पीने का सामान, गैस सिलेंडर और मोटरसाइकिलें भी बस में रखी हुई थीं। अचानक बस का ऊपरी हिस्सा हाई टेंशन तार से छू गया, जिससे भीषण करंट फैल गया और देखते ही देखते बस में आग लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे, तथा घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से झुलसे कुछ लोगों को जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में रेफर किया गया है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जताया शोक
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा —
 “जयपुर के मनोहरपुर में हुई बस दुर्घटना में जनहानि का समाचार अत्यंत दुखद है। संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार हेतु निर्देशित किया गया है।
प्रभु से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”
मुख्यमंत्री ने हादसे की जांच के आदेश भी दिए हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी जताई संवेदना
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा —
 “जयपुर के मनोहरपुर में श्रमिकों से भरी बस के हाई टेंशन लाइन छूने से आग लगने से 2 व्यक्तियों की मृत्यु एवं कई अन्य के घायल होने का समाचार दुखद है।
राजस्थान में जिस प्रकार से आए दिन हादसे हो रहे हैं, वह चिंताजनक है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।”

घटना की जानकारी मिलते ही उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने अधिकारियों को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने पीड़ितों को राहत पहुंचाने की निर्देश दिए उन्होंने कई घटना बहुत ही दुखद है।

बच्चे भी झुलसे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय बस में महिलाएं और बच्चे भी मौजूद थे। कई बच्चे करंट की चपेट में आने से झुलस गए हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, और हादसे के सही कारणों की पड़ताल की जा रही है।
- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here