लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्ट — पंकज पोरवाल, भीलवाड़ा
भीलवाड़ा। शहर के आज़ादनगर स्थित अग्रसेन कॉलोनी के निवासियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कॉलोनी में मोबाइल टॉवर लगाने पर रोक लगाने की मांग की है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि आवासीय क्षेत्र में टॉवर लगने से रेडिएशन का खतरा बढ़ेगा और स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ेगा।
कॉलोनी के लोगों ने बताया कि अग्रसेन मांगलिक भवन के पास स्थित भूखंड संख्या V-111/1 पर भूखंड मालिक संतोष शर्मा मोबाइल टॉवर लगवा रहा है। यह क्षेत्र पूरी तरह से आवासीय है, जहां सैकड़ों परिवार रहते हैं। आसपास बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे दिनभर घरों में रहते हैं तथा पास में स्कूल भी स्थित है। मकान आपस में सटे हुए हैं और सड़क की चौड़ाई केवल 20 फीट है।
रहवासियों ने बताया कि जब उन्होंने भूखंड मालिक से टॉवर न लगाने की बात कही तो उसने कथित तौर पर कहा कि अगर पांच लाख रुपये दे दो तो टॉवर नहीं लगाऊंगा और उसे रेडिएशन की परवाह नहीं है, उसे सिर्फ पैसों से मतलब है। इस पर कॉलोनीवासियों ने इसे जनहित का मामला बताते हुए अवैध रूप से टॉवर लगने पर रोक की मांग की।
ज्ञापन सौंपने वालों में पार्षद राजेंद्र पोरवाल, गोविंद राठी, देवेंद्र गोयल, सुमित सुवालका, मनीष पंसारी, अनिल मुर्डिया, कैलाश अग्रवाल, रमेश सुराना, अभिषेक नाथानी, उग्मिचन्द पन्चरिया, सोनू गुर्जर, किशन सुवालका, पवन महादेवा, नवीन दाधीच, महावीर मेहता, विनय पंसारी सहित मोहल्ले की कई महिलाएं भी शामिल थीं।
कॉलोनीवासियों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जबरदस्ती टॉवर लगाया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने इसे आम जनता की सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मामला बताया है और तुरंत कार्रवाई की मांग की है।



















































