लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश, रेलवे स्टेशन पर महात्मा गांधी को अर्पित की श्रद्धांजलि
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर “सेवा पखवाड़ा” के तहत स्वच्छता अभियान में भाग लिया। राठौड़ ने झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और रेलवे स्टेशन स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
गांधी और शास्त्री के आदर्शों को याद किया
राठौड़ ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं और हमें उनके दिखाए सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को आगे ले जाना चाहिए। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री को भी याद करते हुए उनके योगदान को नमन किया। राठौड़ ने कहा कि शास्त्री जी ने देश को नारा दिया था “जय जवान, जय किसान”, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस नारे पर काम करते हुए देश के जवानों और किसानों को सशक्त बनाया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विजयदशमी का महत्व
मदन राठौड़ ने कहा कि 1925 में विजयदशमी के दिन डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार द्वारा स्थापित आरएसएस आज दुनिया का सबसे शक्तिशाली गैर-सरकारी संगठन बन चुका है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी संघ के स्वयंसेवक हैं और संघ से प्रेरणा प्राप्त करते हैं। राठौड़ ने विजयदशमी को सत्य की असत्य पर विजय का प्रतीक बताया और युवाओं से गांधी एवं शास्त्री के जीवन से प्रेरणा लेने की अपील की।
खादी ग्रामोद्योग केंद्र का दौरा और स्वदेशी संदेश
इस अवसर पर राठौड़ ने बजाज नगर स्थित खादी ग्रामोद्योग केंद्र का दौरा किया। उन्होंने खादी के विभिन्न उत्पादों की खरीदारी की और आम जनता को खादी अपनाने का संदेश दिया। राठौड़ ने कहा कि “खादी केवल एक वस्त्र नहीं, बल्कि स्वदेशी आंदोलन की आत्मा है। यह राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वावलंबन के विचारों का प्रतीक है। हमें इसे अपनाकर आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मजबूत कदम उठाने चाहिए।”
उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों से खादी उत्पादों को अपनाने और प्रचारित करने की अपील की, जिससे देश की कुटीर और ग्रामोद्योग आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिल सके।


















































