लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
राष्ट्रपिता और पूर्व प्रधानमंत्री को पुष्पांजलि अर्पित कर किया श्रद्धांजलि कार्यक्रम
जयपुर (आर एन सांवरिया)।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, इंदिरा गांधी भवन, स्टेशन रोड, जयपुर में सर्वधर्म प्रार्थना सभा एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सर्वधर्म प्रार्थना सभा
सभा में पं. गिरिराज बालोरिया ने भजन प्रस्तुत किए। सरदार मनिंदर सिंह बग्गा ने गुरूवाणी, फादर विजय पॉल ने बाइबल और कारी अब्दुल रशीद ने कुरान की आयतें पढ़ीं। उपस्थित कांग्रेसजनों ने राष्ट्रपिता और पूर्व प्रधानमंत्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
प्रमुख उपस्थितिगण
कार्यक्रम में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, कांग्रेस पार्टी के विधायकगण, विधायक प्रत्याशीगण, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारीगण सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रदेशाध्यक्ष का संदेश
सभा के पश्चात मीडिया से बात करते हुए प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के सभी नेता एवं कार्यकर्ता महात्मा गांधी के बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि केन्द्र और प्रदेश की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों द्वारा चलाई गई जनकल्याणकारी योजनाएं राष्ट्रपिता के आदर्शों के अनुरूप जनता की सेवा करती थीं। लेकिन वर्तमान में भाजपा सरकारों के शासनकाल में इन योजनाओं को ठंडे बस्ते में डालकर जनता के हितों पर कुठाराघात किया जा रहा है।
डोटासरा ने आरएसएस द्वारा शिक्षा के मंदिर में शस्त्र पूजन के आयोजन की निंदा करते हुए कहा कि शिक्षा के मंदिर में केवल शिक्षा होनी चाहिए, न कि शस्त्र पूजा। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्वक विरोध करने वाले छात्रों पर हिंसा की गई और कई छात्र गंभीर रूप से घायल हुए, परन्तु पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।


















































