लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को शासन सचिवालय पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर सचिवालय परिसर में आयोजित राम धुन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने “वैष्णव जन तो तेने कहिये” और “रघुपति राघव राजा राम” भजनों का श्रवण किया।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने गांधी सर्किल पर की पुष्पांजलि
इस अवसर पर राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जेएलएन मार्ग स्थित गांधी सर्किल पर गांधीजी और शास्त्रीजी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। यहां स्कूली छात्राओं द्वारा प्रस्तुत राम धुन ने माहौल को भक्ति और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।
गणमान्य अतिथि रहे उपस्थित
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा, ग्रेटर नगर निगम महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और आमजन उपस्थित रहे।











































