लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भरतपुर में पकड़ा गया रिश्वतखोर एएसआई
राजेंद्र शर्मा जती की रिपोर्ट
भरतपुर। भरतपुर एसीबी (Anti Corruption Bureau) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भुसावर थाना क्षेत्र में तैनात एक एएसआई को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी एएसआई ने जमीन विवाद के निपटारे के बदले रिश्वत की मांग की थी। चौंकाने वाली बात यह रही कि उसने रिश्वत की रकम पेड़ के पत्ते पर लिखकर तय की थी।
कैसे हुआ खुलासा
गांव झामरी के दो पक्षों के बीच ज़मीन का विवाद चल रहा था। एएसआई ने परिवादी से पक्ष में फैसला करने के बदले 60 हजार रुपए की मांग की। बातचीत के बाद सौदा 40 हजार रुपए में तय हुआ। परिवादी ने इसकी सूचना भरतपुर एसीबी को दी।
एसीबी की कार्रवाई
एसीबी ने शिकायत की पुष्टि की और फिर जाल बिछाया। जैसे ही परिवादी ने 40 हजार रुपए एएसआई को दिए, एसीबी की टीम मौके पर पहुंच गई। शक होने पर एएसआई ने पैसे फेंक दिए और बाइक से भागने लगा, लेकिन एसीबी टीम ने पीछा कर उसे नेशनल हाईवे पर लुधाबई के पास दबोच लिया।
एसीबी का बयान
एडिशनल एसपी अमित सिंह ने बताया कि एएसआई ने पहले पेड़ के पत्ते पर 60 हजार और फिर 40 हजार रुपए लिखकर रिश्वत की मांग की थी। फिलहाल आरोपी से एसीबी रेंज कार्यालय में पूछताछ जारी है।














































