लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
फार्मासिस्टों की समस्याओं पर भी हुई खुलकर चर्चा
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। राजस्थान फार्मासिस्ट कर्मचारी संघ (एकीकृत), जिला भीलवाड़ा शाखा ने विश्व फार्मासिस्ट दिवस 2025 के अवसर पर ब्लड बैंक, महात्मा गांधी चिकित्सालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया।
रक्तदान शिविर में उत्साहपूर्वक भागीदारी
शिविर का विधिवत उद्घाटन महात्मा गांधी चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण गौड़ ने किया। सबसे पहले फार्मासिस्ट ग्रेड प्रथम भारत किर, नीरज कुमार व्यास, लोकेश वर्मा ने रक्तदान कर शिविर की शुरुआत की। जिले भर से आए फार्मासिस्टों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। कुल 53 यूनिट रक्तदान सफलतापूर्वक किया गया।
शिविर में आए सभी अतिथियों और रक्तदाताओं का सम्मान किया गया और उन्हें अल्पाहार कराया गया। आयोजन में जिला अध्यक्ष शिवराज बोरीवाल, संगठन मंत्री अंकित काबरा, जिला मुख्य संरक्षक नीरज कुमार व्यास, मीडिया प्रभारी मनोज पाटनी, कोषाध्यक्ष भारत किर, रवि राठौड़, खुशबू माहेश्वरी सहित सभी फार्मासिस्ट मौजूद रहे।
फार्मासिस्टों के कार्यों की सराहना
पूर्व संध्या पर आइएमए हॉल में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, अविनाश जीनगर, डॉ. अरुण गौड़, औषधि नियंत्रक अधिकारी मनीष मीणा, राजस्थान केमिस्ट एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष पवन व्यास, नर्सिंग अधीक्षक मुकुट राज सिंह शक्तावत उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुई। मुख्य अतिथि प्रशांत मेवाड़ा ने सभी फार्मासिस्टों को विश्व फार्मासिस्ट दिवस की शुभकामनाएं दी और निःशुल्क दवा योजना में फार्मासिस्टों के योगदान की सराहना की।
डॉ. अरुण गौड़ ने बताया कि चिकित्सालय में बढ़ते रोगी भार में फार्मासिस्टों द्वारा दवा वितरण करना सराहनीय है और इससे चिकित्सालय में फार्मासिस्टों के महत्व को स्पष्ट किया गया। औषधि नियंत्रक अधिकारी और अन्य अतिथियों ने भी फार्मासिस्टों के कार्यों की प्रशंसा की।
नव चयनित और पदोन्नत फार्मासिस्टों का सम्मान
अतिथियों द्वारा नव चयनित फार्मासिस्ट और पदोन्नत फार्मासिस्ट ग्रेड प्रथम का सम्मान किया गया। जिला अध्यक्ष शिवराज बोरीवाल, मुख्य संरक्षक नीरज कुमार व्यास, शंभू लाल खटीक, सुरेंद्र सिंह और अन्य ने अपने विचार व्यक्त किए।
समारोह में फार्मासिस्टों की समस्याओं पर भी खुलकर चर्चा हुई। पूरे कार्यक्रम का संचालन फार्मासिस्ट कृष्णा सोनी और सिमरन बोरीवाल ने किया।












































