लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर। 10वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, प्रताप नगर, जयपुर में प्राचार्य एवं अधीक्षक डॉ. जगदीश प्रसाद बैरवा के निर्देशन में विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया।
12 सितंबर से 23 सितंबर तक राजकीय आयुष एकीकृत चिकित्सालय में नशा मुक्ति, नेत्र रोग, गुदा रोग, पंचकर्म, काय चिकित्सा एवं स्वर्ण प्राशन जैसे निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाए गए। इसी क्रम में विभिन्न विद्यालयों, वृद्धाश्रमों और छात्रावासों में स्वास्थ्य संबंधी व्याख्यान एवं चिकित्सा शिविरों का भी आयोजन किया गया।
इस वर्ष का थीम “आयुर्वेद जन-जन के लिए, पृथ्वी के कल्याण के लिए” रखा गया। थीम के अनुरूप आयुष भवन, प्रताप नगर से अतिरिक्त निदेशक जयपुर संभाग डॉ. बत्ती लाल बैरवा एवं महाविद्यालय प्राचार्य के नेतृत्व में विशाल रैली का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम प्रभारी डॉ. मीना मीनू बनवारी लाल एवं सह प्रभारी डॉ. मोनिका शर्मा ने बताया कि आयुर्वेद दिवस (23 सितंबर) के दिन स्वस्थवृत एवं योग विभागाध्यक्ष डॉ. राहुल पाराशर एवं असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. गजानन्द शर्मा ने दैनिक जीवन में आयुर्वेद आहार-विहार, दिनचर्या, ऋतुचर्या एवं आचार रसायन अपनाने का संदेश दिया।
इसी अवसर पर शरीर क्रिया विभागाध्यक्ष डॉ. सुनीता रावत एवं चिकित्सालय प्रभारी डॉ. भारती बांदिल के मार्गदर्शन में लोगों को रोग प्रतिरोधक काढ़ा, आमलकी रसायन एवं आयुर्वेदिक औषधियां निशुल्क वितरित की गईं। साथ ही द्रव्यगुण विभाग द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम भी संपन्न हुआ।



















































