लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
अधिकारियों के आश्वासन पर ग्रामीणों ने खोला गेट, ज्ञापन सौंपा
भुसावर (भरतपुर)। उपखंड के गांव सलेमपुर कला स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्राचार्य आशुतोष तिवाड़ी के तबादले के विरोध में गुरुवार सुबह विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने विद्यालय गेट पर तालाबंदी कर दी।
सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश देकर तालाबंदी खुलवाई।
अधिकारियों ने सुनी ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों ने राज्य सरकार से प्राचार्य का तबादला निरस्त करने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, वैर विधायक बहादुर सिंह कोली और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के नाम ज्ञापन सौंपा।
मौके पर पहुंचे भुसावर ब्लॉक के मुख्य शिक्षा अधिकारी, तहसीलदार अभयराज सिंह और थानाधिकारी रामदयाल मीणा ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया।
आश्वासन के बाद खुला विद्यालय
अधिकारियों के समझाने के बाद ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इसके बाद विद्यालय का गेट खोला गया और स्टाफ ने नियमित कार्य शुरू किया।














































