लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित कर किया नमन, एकात्म मानववाद को बताया राष्ट्र निर्माण की दिशा
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया)
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय जयपुर में सोमवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उपाध्याय जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में उपस्थित रहे वरिष्ठ पदाधिकारी
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री जितेंद्र गोठवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष मोतीलाल मीणा, प्रदेश मंत्री स्टेफी चौहान, प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष सुमन शर्मा, भाजपा प्रवक्ता अपूर्वा सिंह, प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गोठवाल ने रखे विचार
प्रदेश महामंत्री जितेंद्र गोठवाल ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद का दर्शन और अंत्योदय का विचार सदैव भारत के विकास पथ को दिशा देता रहेगा। उनका मानना था कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का उत्थान ही वास्तविक राष्ट्र निर्माण है।
उन्होंने कहा कि उपाध्याय जी के सिद्धांत आज भी समावेशी विकास की नीति में पूरी तरह प्रतिबिंबित हैं।
श्रद्धांजलि अर्पण
इस दौरान भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बारी-बारी से पुष्प अर्पित कर पं. दीनदयाल उपाध्याय के जीवन और उनके विचारों को नमन किया।














































