लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
16 खिलाड़ियों का राज्य स्तर पर चयन, लांपोलाई के 4 विद्यार्थी भी शामिल
पादूकलां (नागौर)। लांपोलाई राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार को 69वीं जिला स्तरीय मलखंब प्रतियोगिता का समापन समारोह बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ हुआ। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र और साफा पहनाकर सम्मानित किया गया। दर्शकों ने बच्चों के करतबों को तालियों और जयकारों से सराहा।
प्रतियोगिता से कुल 16 छात्र-छात्राओं का चयन राज्य स्तरीय मलखंब प्रतियोगिता के लिए हुआ, जिनमें लांपोलाई विद्यालय के 4 विद्यार्थी भी शामिल हैं। 17 वर्षीय वर्ग में छात्रा जाखनिया टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं 19 वर्षीय वर्ग में लांपोलाई विद्यालय की छात्रा ने प्रथम स्थान अर्जित किया।
समारोह में अतिथियों का परंपरागत स्वागत माला व साफा पहनाकर किया गया और सभी को दाल-बाटी-चूरमा व मां सरस्वती का प्रसाद वितरित किया गया, जिससे आयोजन में उत्सव और भक्ति का रंग समा गया। 
मुख्य अतिथि रिया बड़ी, ब्लॉक अतिरिक्त शिक्षा अधिकारी, ने कहा:
“खेल जीवन को अनुशासन और मेहनत की राह दिखाते हैं। हार-जीत से ज्यादा मायने निरंतर अभ्यास और परिश्रम का है।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता उप प्रधानाचार्य यशवंत सिंह रावत ने की। समारोह में अनेक गणमान्य अतिथियों, शिक्षकगण और ग्रामीण उपस्थित रहे। अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक अर्चना टेलर और पृथ्वीसिंह चारण ने विद्यार्थियों से शिक्षा में उत्कृष्टता और नामांकन बढ़ाने का आह्वान किया।
समापन प्रतिवेदन उप प्रधानाचार्य ने प्रस्तुत किया और सभी अतिथियों, सहयोगियों व ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।














































