लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जन सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, बुनियादी सेवाओं को शीघ्र बहाल करने के निर्देश
जयपुर – मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में जिला प्रभारी मंत्रीगण, सचिवगण और संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों को तेज़ी से लागू करने के निर्देश देते हुए नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आमजन को हरसंभव सहायता प्रदान कर रही है। अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों, नहरों, एनिकट और भवनों के मरम्मत प्रस्तावों को तीन दिन में स्वीकृत कर दिया जाए तथा 23 सितंबर तक कार्य प्रारंभ किया जाए। क्षतिग्रस्त मकानों की रिपोर्ट दो दिन में प्राप्त कर आर्थिक सहायता स्वीकृत करने के लिए भी निर्देशित किया गया। ग्राम पंचायतों से शीघ्र प्रस्ताव मंगवाने के लिए कहा गया।
बांधों की मॉनिटरिंग और जल निकासी पर विशेष ध्यान
उन्होंने कहा कि बांधों के जल भराव की नियमित समीक्षा की जाए और आवश्यकतानुसार समय पर पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए। निचले इलाकों में जलभराव और आपदा से बचाव के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
फसल नुकसान पर त्वरित सहायता
फसल नुकसान झेल रहे किसानों को राहत देने के लिए 33 प्रतिशत से अधिक नुकसान पर समयबद्ध आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए कृषि, राजस्व और सहकारिता विभाग के मंत्रियों और सचिवों की 6 सदस्यीय समिति गठित की जाएगी। समिति बीमा कंपनियों और किसानों के बीच समन्वय करेगी और फसल नुकसान का सही आकलन सुनिश्चित करेगी। गिरदावरी प्रक्रिया में तकनीकी समस्याओं को दूर करने के लिए लोकेशन आधारित व्यवस्थाएँ लागू की जाएंगी।
जल संरक्षण और वितरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने पानी का समान वितरण सुनिश्चित करने के लिए ट्यूबवेल आधारित रिचार्ज सिस्टम विकसित करने और आवश्यकतानुसार बांधों की ऊँचाई बढ़ाने के साथ एनीकट निर्माण पर ध्यान देने की बात कही।
राहत कार्यों की स्थिति
अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री भास्कर आत्माराम सावंत ने बताया कि इस मानसून में 23 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई। अब तक 10,000 से अधिक कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं और 211 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है। साथ ही, 1,159 लोगों को सकुशल बचाया गया है। जिलों को मानसून से पूर्व आवश्यक धनराशि भी प्रदान कर दी गई है।
सहकारिता सदस्यता अभियान की घोषणा
राज्य में सहकारिता सदस्यता अभियान 2 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक संचालित होगा। इसके लिए 9 से 29 सितंबर तक तैयारियाँ की जाएंगी। अभियान में नए पैक्स गठन, सदस्यता विस्तार, पीएम किसान सम्मान निधि से वंचित किसानों को जोड़ना और भूमि आवंटन जैसे कार्य शामिल होंगे। लक्ष्य है कि एक भी ग्राम पंचायत सहकारिता से वंचित न रहे।
सेवा शिविरों का आयोजन
शहरी और ग्रामीण सेवा शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा। 15 सितंबर से 2 अक्टूबर तक शहरी सेवा शिविर, तथा 17 सितंबर से ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित होंगे। प्री-कैंप का आयोजन 4 से 13 सितंबर तक पूरी गंभीरता के साथ किया जाएगा। रियायतों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं।
खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2025 की तैयारी
मुख्यमंत्री ने आगामी खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2025 की तैयारियों के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। ये खेल सात संभागीय जिला मुख्यालयों पर आयोजित होंगे।
बैठक में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, मुख्य सचिव सुधांश पंत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।











































