लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
सीकर की बेटी सोनिया जोया का राष्ट्रीय मंच पर चयन
महिलाओं की प्रगति से समाज की प्रगति का उदाहरण
योगेश ऋषिका
सीकर/ भीम आर्मी आसपा (कां.) की युवा एवं वरिष्ठ नेत्री सोनिया जोया का चयन पूरे देशभर के चुनिंदा नेतृत्वकर्ताओं में शामिल होकर इंडियन स्कूल ऑफ डेमोक्रेसी के प्रतिष्ठित कार्यक्रम “द गुड पॉलिटिशियन 2025” में हुआ है। यह नौ महीने का अनूठा अनुभवात्मक कार्यक्रम पूरे भारत से केवल 50 उभरते जमीनी नेताओं का चयन करता है, जिन्हें नीति निर्माण, सामाजिक सेवा और नेतृत्व कौशल में प्रशिक्षित कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का अवसर प्रदान किया जाता है।
सोनिया जोया का इस कार्यक्रम में चयन न केवल उनकी नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है, बल्कि महिलाओं की भागीदारी से समाज की प्रगति का जीवंत उदाहरण भी है। संविधान निर्माता बाबासाहेब डॉक्टर भीमराव अम्बेडकर का प्रसिद्ध कथन है कि –
“मैं किसी भी समुदाय की प्रगति का मापदंड उसकी महिलाओं की प्रगति से करता हूँ।”
सोनिया जोया का इस कार्यक्रम में शामिल होना इस विचार को साकार करता है।
सीकर जिले से राष्ट्रीय स्तर तक पहुँची उनकी यह उपलब्धि महिलाओं को आगे बढ़ाने , समाज में बदलाव लाने और लोकतांत्रिक नेतृत्व में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करती है। स्थानीय समाजसेवियों, युवाओं और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे राजस्थान क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
सोनिया जोया अब देशभर के प्रतिभाशाली नेताओं के साथ मिलकर सामाजिक न्याय, नीति निर्माण और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करेंगी। उनका यह सफर आने वाले समय में अनेक युवाओं और विशेषकर महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।









































