लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत जागरूकता अभियान
भरतपुर।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत विशेष अभियान चलाया। इस दौरान बिजली घर चौराहे पर वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए गए और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की गई।
सीओ ट्रैफिक नरेंद्र कुमार ने बताया कि यह कार्यक्रम ट्रैफिक पुलिस और सैनी मिठाई के सहयोग से आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में बड़ी संख्या में लोगों की जान जाती है, खासकर सिर की चोट (हेड इंजरी) के कारण। हेलमेट पहनने से इन चोटों से बचा जा सकता है और जीवन सुरक्षित किया जा सकता है।
उदय सैनी ने कहा कि उनका उद्देश्य लोगों को हेलमेट के महत्व को समझाना और सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि हेलमेट सिर्फ कानून के डर से नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए पहनना चाहिए।
वहीं, हेलमेट पाने वाले वाहन चालकों ने कहा कि वे अब आगे से हेलमेट जरूर लगाएंगे, क्योंकि यह सड़क दुर्घटनाओं के दौरान जान बचाने का सबसे कारगर उपाय है।












































