लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
लापरवाही से निकली चिंगारी, बनी खतरे की लपटें
संवाददाता: जितेंद्र बालोत, नसीराबाद (अजमेर)।
नसीराबाद शहर के मिशन कंपाउंड इलाके में आज दोपहर अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब मुख्य चौराहे पर लगे बिजली के पोल में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते धुएं का गुबार पूरे इलाके में फैल गया और लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिजली पोल में अचानक चिंगारी उठी और कुछ ही पलों में पूरी वायरिंग जलने लगी। स्थानीय लोगों ने तत्काल विद्युत विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुँची और बिजली सप्लाई बंद कर आग पर काबू पाया। गनीमत यह रही कि हादसे के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था और आग पास की दुकानों या मकानों तक नहीं पहुंच पाई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुराने पोल और जर्जर वायरिंग अक्सर ऐसे हादसों को न्योता देते हैं। क्षेत्रवासियों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द खंभों और वायरिंग की मरम्मत की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
फिलहाल विभाग की तत्परता से हालात काबू में आ गए हैं, लेकिन सवाल यह है कि आखिर कब तक शहरवासी ऐसे खतरों के साए में जीते रहेंगे?
















































