लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जन्माष्टमी और गोगा नवमी पर ब्यावर में दो दिन मेला, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल
ब्यावर (हेमन्त साहू)। शहर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और गोगा नवमी के अवसर पर धार्मिक उल्लास और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। प्रमुख मंदिरों के साथ-साथ गली-मोहल्लों के देवालयों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण का पंचामृत से अभिषेक कर पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण कर व्रत खोला। देर रात तक ठाकुरजी की झांकियों के दर्शन होते रहे और पूरा शहर ‘कन्हैया रंग’ में डूबा नजर आया।
सेंदड़ा रोड पर भरा प्रमुख मेला
सेंदड़ा रोड पर भरे मेले में झूले, चकरी और विभिन्न व्यंजनों की स्टॉलों पर युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने खूब आनंद लिया।
माखन-हांडी और दही मटकी फोड़ प्रतियोगिता
शहर के कई हिस्सों में माखन-हांडी और दही मटकी फोड़ प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। मुख्य पाली बाजार, चारभुजा नाथ मंदिर, डिग्गी मोहल्ला और तेजा चौक पर युवा उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
मंदिरों में गूंजे जयकारे
मंदिरों में ‘हाथी-घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ और ‘हर मन बोले गोपाल-गोपाल’ जैसे भजनों की स्वर लहरियों के बीच वातावरण भक्तिमय हो उठा। नृसिंह मंदिर में श्री नंद उत्सव धूमधाम से मनाया गया और ठाकुरजी का मनोरम शृंगार किया गया।










































