मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विधिवत पूजा-अर्चना कर शोभायात्रा का किया शुभारंभ
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर जयपुर का वातावरण रविवार को भक्तिमय हो उठा, जब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने श्री गोविंददेव जी मंदिर में पूजा-अर्चना कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने शोभायात्रा के रथ में विराजमान आराध्य देव श्री गोविंददेव जी के चित्रस्वरूप की आरती उतारी और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर पहुंचने पर महंत ने उनका पारंपरिक विधि से स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने “जय श्री गोविंददेव जी” के जयघोष से माहौल गुंजायमान कर दिया।
इस मौके पर सांसद मंजू शर्मा, विधायक बालमुकुंदाचार्य, नगर निगम हैरिटेज महापौर कुसुम यादव सहित अनेक गणमान्य लोग और हजारों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
नंदोत्सव की परंपरा
उल्लेखनीय है कि गोविंददेव जी मंदिर में प्रतिवर्ष जन्माष्टमी के दूसरे दिन नंदोत्सव धूमधाम से मनाया जाता है। इस अवसर पर शहर के प्रमुख मार्गों से विशाल शोभायात्रा निकाली जाती है, जिसमें आकर्षक झांकियां, भजन-कीर्तन और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर भक्तगण झूमते हैं।
















































