लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
— जयपुर के विभिन्न स्थलों के भ्रमण में अभिभावक भी रहे साथ
नवीन कुमावत
किशनगढ़ रेनवाल। शहर के पचार रोड स्थित सिद्धिविनायक इंटरनेशनल एकेडमी एवं साइंस फाउंडेशन का विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों का एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण बुधवार को हुआ। विद्यार्थियों ने जयपुर स्थित विभिन्न पुरातात्विक, प्राकृतिक एवं धार्मिक महत्व के भ्रमणीय स्थलों का अवलोकन कर उनकी जानकारी हासिल की।
संस्था निदेशक इंजीनियर रमेश कुमार कुमावत ने बताया कि बुधवार 30 जुलाई को सुबह 6 बजे विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की 11 बसें जयपुर के भ्रमण के लिए रवाना की गई। कुमावत समाज के अध्यक्ष कालूराम सिरोडीया, लक्ष्मीकांत तोतला, संस्था निदेशक इंजीनियर रमेश कुमार कुमावत, मनीषा कुमावत ने झंडी दिखाकर भ्रमण दल को रवाना किया। इस दौरान जमकर आतिशबाजी भी की गई।
मैनेजिंग डायरेक्टर मनीषा कुमावत ने बताया कि भ्रमण दल ने सबसे पहले जयपुर के कूकस स्थित बायोलॉजीकल पार्क का भ्रमण किया। यहां विभिन्न प्रकार के पशु पक्षी और जंगली जानवरों को देखा और उनके बारे में जानकारी हासिल की। इसके बाद आमेर किला, जयगढ़ की तोप और नाहरगढ़ जैसी प्राकृतिक व दार्शनिक स्थल देखते हुए अक्षरधाम मंदिर में दर्शन कर म्यूजियम देखते हुए शाम को सिटी पार्क में बच्चों और अभिभावकों ने बारिश के मौसम में भ्रमण का आनंद लिया। देर रात को वापिस किशनगढ़ रेनवाल पहुंचे। संस्थान की अनु कवंर ने बताया कि इस शैक्षणिक भ्रमण में करीब 900 बच्चे और अभिभावक मौजूद रहे। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को मनोरंजन के साथ ही बहुत कुछ सीखने को भी मिलता है। इसके साथ ही दार्शनिक व प्राकृतिक स्थलों के बारे में जानकारी प्राप्त होती है। स्कूल प्रिंसिपल दिनेश कुमावत ने बताया कि विद्यालय द्वारा हर वर्ष बच्चों का माता-पिता के साथ एक निशुल्क शैक्षिक भ्रमण करवाते हैं।















































