लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
नागरिक सेवाओं की पारदर्शी और त्वरित व्यवस्था की ओर एक अहम कदम-जिला प्रभारी मंत्री
भरतपुर । नगर निगम परिसर में विकसित स्मार्ट सेवा केंद्र का शुभारंभ जलसंसाधन एवं जिला प्रभारी मंत्री सुरेशसिंह रावत द्वारा फीता काट कर किया गया। इस अवसर पर विधायक डीग-कुम्हेर डॉ शैलेश सिंह, जिला प्रभारी सचिव शुचि त्यागी,संभागीय आयुक्त डॉ टीना सोनी, जिला कलेक्टर कमर चौधरी, बीडीए आयुक्त कनिष्क कटारिया, नगर निगम आयुक्त श्रवण विश्नोई सहित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
जिला प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आमजन को पारदर्शिता से सुविधाएं प्रदान कर योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि यह पहल ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देने और नागरिक सेवाओं को सुलभ बनाने की दिशा में नगर निगम भरतपुर का एक सार्थक प्रयास है।
नगर निगम आयुक्त ने बताया कि इस स्मार्ट सेवा केंद्र की स्थापना का उद्देश्य नागरिकों को जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन तथा जन आधार सत्यापन जैसी आवश्यक सेवाएं त्वरित, पारदर्शी एवं सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि सेवा केंद्र की प्रक्रिया को अत्यंत सरल और डिजिटल रूप में संचालित किया गया है। नागरिक सबसे पहले अपना आवेदन पत्र जमा करते हैं, जिसकी मौके पर ही जांच की जाती है। यदि दस्तावेज पूर्ण पाए जाते हैं तो उन्हें टोकन जारी कर दिया जाता है। उन्होंने बताया कि इसके पश्चात नागरिक वेटिंग हॉल में प्रतीक्षा करते हैं, जहां डिजिटल स्क्रीन पर टोकन क्रमांक प्रदर्शित होते रहते हैं।
उन्होंने बताया कि टोकन क्रम के अनुसार नागरिकों को बुलाकर उसी दिन पारदर्शिता के साथ संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जिससे समय की बचत के साथ-साथ सेवा की गुणवत्ता भी सुनिश्चित होती है।










































