विधानसभा अध्यक्ष ने की अजमेर पुलिस अधीक्षक से चर्चा

अजमेर। (नितिन मेहरा वरिष्ठ संवाददाता) विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने जिला पुलिस को शहर में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों व रोहिंग्याओं की धरपकड़ के निर्देश दिए हैं। इसी तरह अवैध ई-रिक्शा संचालन व समय के बाद शराब बिक्री पर भी सख्ती होगी। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने रविवार को सर्किट हाउस में जिला पुलिस अधीक्षक के साथ शहर की कानून व्यवस्था पर चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि दरगाह संपर्क सड़क, दिल्ली गेट व शहर के अन्य हिस्सों में बढ़ते अपराधों पर लगाम कसी जाए। कई बार इन अपराधों में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी व रोहिंग्याओं की भूमिका सामने आती है। इसलिए इन सभी के खिलाफ सर्च अभियान चलाकर धरपकड़ की जाए और इन्हें देश से बाहर भेजने की कार्रवाई की जाए। साथ ही दरगाह संपर्क सड़क पर स्थाई पुलिस चौकी की स्थापना शीघ्र की जाए और बजट घोषणा की अनुपालना में हरिभाऊ उपाध्याय नगर में थाने के निर्माण व शुरुआत का काम जल्द करवाया जाए।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अजमेर के
पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र विश्नोई को निर्देश दिए कि आनासागर पुलिस चौकी पर पर्याप्त स्टाफ नियुक्त हो। साथ ही चौकी के नए भवन का निर्माण के प्रस्ताव पर भी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अजमेर शहर में एक बार फिर शहर में चेन स्नैचिंग व बच्चों को पकड़ने वाला गिरोह पुनः सक्रिय हो रहा है, इनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हो। अजमेर शहर में ई-रिक्शा की संख्या बेलगाम बढ़ती जा रही है, इससे यातायात भी प्रभावित हो रहा है। केवल उसका वास्तविक मालिक द्वारा ही ई रिक्शा चलाया जाना तय किया जाए, अन्य कोई और चलाता पाया जाए तो कार्रवाई हो। ट्रैफिक लाइटों का प्रभावी संचालन हो।

उन्होंने कहा कि अवैध रूप से चल रही चाय की थड़ियों व कैफे आदि पर कई आपराधिक छवि वाले व मनचले भी एकत्र हो रहे हैं। अजमेर शहर में कैफे पर लगातार गश्त हो व दस बजे बाद इन्हें बंद करवाया जाए। अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जाए। प्रभावी रोकथाम हो। आठ बजे बाद शराब की बिक्री पर भी कार्रवाई हो। उन्होंने बालवाहिनीं संचालन पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्ती से पाबन्दी लगाई जाए। उन्हें तय समय में ही प्रवेश दिया जाए। सेवन वंडर्स, भागचन्द कोठी, बजरंगढ़ घाटी वाले बालाजी एवं अन्य स्थानों पर जाम की स्थिति रहती है। असामाजिक तत्वों एवं युवाओं द्वारा तेज गति से वाहन चला कर आमजन में खौफ पैदा किया जा रहा है। इन पर रोक लगे। शहर में कई स्थानों पर नशे की बिक्री की भी जानकारी आ रही है। इनके खिलाफ सख्त कार्यवाही हो।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published.