लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भक्तामर दीपार्चना से भक्तिमय हुआ माहौल
उनियारा (निर्मल गुप्ता)। श्री दिगंबर जैन सुखोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र सुथड़ा में आयोजित अष्टानिका महापर्व के दूसरे दिन श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालुओं ने तीर्थ क्षेत्र पहुंचकर जिनेंद्र भगवान की पूजा-अर्चना की और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह मंगलाष्टक, भगवान के अभिषेक और शांतिधारा के साथ हुई। शास्त्री हिमांशु जैन ने विधि-विधान से धार्मिक क्रियाएं संपन्न करवाईं। इस दौरान श्रद्धालुओं ने विश्व शांति, सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
प्रबंध कमेटी अध्यक्ष महावीर प्रसाद पराणा एवं संतु कुमार जैन ने बताया कि अष्टानिका महापर्व जैन धर्म के प्रमुख शाश्वत पर्वों में शामिल है। यह पर्व आत्मशुद्धि, संयम, तप और आराधना का संदेश देता है। जैन मान्यताओं के अनुसार इन आठ दिनों में देवगण नंदीश्वर द्वीप के जिनालयों में तीर्थंकर भगवान की विशेष पूजा-अर्चना करते हैं। इसी भावना के अनुरूप श्रद्धालु मंदिरों में नंदीश्वर द्वीप की रचना कर भावपूर्वक वंदना और आराधना करते हैं।
उन्होंने बताया कि पर्व के दौरान अभिषेक, शांतिधारा, अष्टद्रव्य पूजन, भक्तामर पाठ, विधान, स्वाध्याय और दान का विशेष महत्व है। इन धार्मिक क्रियाओं के माध्यम से श्रद्धालु आत्मकल्याण, कषायों की शांति और सम्यक श्रद्धा को मजबूत करने का संकल्प लेते हैं।
इस अवसर पर वार्षिक शांतिधारा का सौभाग्य निवाई के मंजू देवी एवं रमेश चंद रौनक सर्राफ को प्राप्त हुआ। वहीं पांडुक शिला पर प्रथम शांतिधारा तेजमल जैन, महेंद्र जैन, रोहित कुमार एवं अखिल कुमार बनेठा ने की।
भक्तामर संयोजक हुक्मचंद जैन एवं नाथूलाल जैन बनेठा ने बताया कि शाम 6:45 बजे भक्तामर दीपार्चना का आयोजन हुआ। इसमें पुण्यार्जक परिवार और भक्तामर मंडल बनेठा के सदस्यों ने दीप प्रज्वलित कर श्रद्धापूर्वक भगवान की आराधना की। दीपों की रोशनी और भक्तिमय वातावरण से पूरा तीर्थ क्षेत्र आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आया।
धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी के साथ अष्टानिका महापर्व का दूसरा दिन भक्ति और उल्लास के माहौल में संपन्न हुआ।


















































