लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
500 से अधिक महिलाएं कलश यात्रा में होंगी शामिल, प्रतिभावान विद्यार्थियों और सरकारी नौकरी पाने वालों का होगा सम्मान
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। श्री मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज, नागौर की ओर से स्वर्णकार समाज के संस्थापक अजमीढ़ जी महाराज की जयंती एवं शरद पूर्णिमा महोत्सव रविवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। आयोजन के तहत भव्य शोभायात्रा, कलश यात्रा, भोजन प्रसादी और सम्मान समारोह आयोजित होंगे।
समाज अध्यक्ष ओमप्रकाश मांडण ने बताया कि शोभायात्रा सुबह 8:15 बजे माताजी के मंदिर से रवाना होगी। यह खाई की गली, हाथी चौक, काठड़िया का चौक, तुलसी चौक, माही दरवाजा रोड, बाजारवाड़ा, लाडिया बाजार, सदर बाजार और तिगरी बाजार होते हुए पुनः खाई की गली से कायस्थ मोहल्ला स्थित समाज भवन पहुंचेगी।
मनीष डांवर ने बताया कि शोभायात्रा में अजमीढ़ जी महाराज, नौ देवियों, माताजी और विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। कलश यात्रा में समाज की 500 से अधिक महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भाग लेंगी।
प्रतिभावान विद्यार्थियों और सरकारी कर्मचारियों का होगा सम्मान
शोभायात्रा के समापन के बाद समाज भवन में भोजन प्रसादी और सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें वर्ष 2025-26 के दौरान 10वीं, 12वीं अथवा उच्चतर परीक्षाओं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही वर्ष 2026 में सरकारी नौकरी प्राप्त करने वाले समाज के युवाओं का भी सम्मान किया जाएगा।
महिलाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखाई प्रतिभा
मुख्य आयोजन से पहले शनिवार को समाज भवन में महिला मंडल की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला मंडल अध्यक्ष इंदुबाला ने बताया कि कार्यक्रम में समाज की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस दौरान प्रिया मौसूण, दीक्षा मौसूण, हर्षा मांडण और कोमल मायछ ने अजमीढ़ जी महाराज के जीवन पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया। कुर्सी रेस में श्री मौसूण और निर्मला मांडण विजेता रहीं, जबकि वन मिनट गेम में दर्शिका रोड़ा ने बाजी मारी। नृत्य प्रतियोगिता में ऋषिका, करिश्मा, नीलम और मोनिका विजेता रहीं। वहीं, करवा चौथ की थाली सजाने की प्रतियोगिता में आरती सहदेव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 
कार्यक्रम में महिला मंडल अध्यक्ष इंदुबाला सोनी, उपाध्यक्ष संतोष मांडण, कोषाध्यक्ष संगीता रोड़ा, सचिव वंदना अग्रोया सहित इमरती देवी, सुमित्रा देवी डांवर, मंजू कुकरा, सविता मौसूण, वंदना डांवर, निर्मला मांडण, विनीता मांडण, राधा रोड़ा, बिंदु डांवर और गुड्डी अग्रोया सहित समाज की अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं। मंच संचालन संगीता रोड़ा और प्रेरणा मांडण ने किया।



















































