कठूमर में दर्दनाक हादसा: ट्रक की टक्कर से महिला की मौत

0
64
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

कठूमर (अलवर)। रिपोर्टर संजीव बंसल

कठूमर नगर सड़क मार्ग पर शुक्रवार देर शाम चौहान ईंट भट्टे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार दंपती को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया। पति के हेलमेट पहने होने से उसके सिर में चोट नहीं आई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीछा कर खेड़ली मंडी में ट्रक को पकड़ लिया और जब्त कर थाने ले आई।

भागवत कथा सुनकर घर लौट रहा था दंपती

जानकारी के अनुसार, कठूमर नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड 18 स्थित सामौली निवासी रमेश शर्मा (60) पुत्र मोरध्वज अपनी पत्नी तारा देवी (55) के साथ डीग जिले के जड़खोर में भागवत कथा सुनकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान चौहान ईंट भट्टे के पास पीछे से आए ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद तारा देवी ट्रक की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में रमेश शर्मा भी घायल हो गए।

सूचना मिलने पर उन्हें कठूमर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। महिला के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मृतका के दो बेटे और दो बेटियां हैं। मां की मौत की सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंची बेटी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

हेलमेट ने बचाई पति की जान

हादसे में घायल रमेश शर्मा ने हेलमेट पहन रखा था। इसके चलते उनके सिर में चोट नहीं आई और हाथ-पैर में मामूली चोटें आईं। रमेश ने बताया कि वह कहीं भी आने-जाने के दौरान हेलमेट जरूर पहनते हैं। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और हेलमेट की अहमियत को रेखांकित करता है।

बैरियर तोड़कर भागा चालक, पुलिस ने पीछा कर पकड़ा

हादसे की सूचना मिलते ही कठूमर थाना प्रभारी चंद्रशेखर शर्मा और द्वितीय थाना अधिकारी गुलाब सिंह पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रक चालक की तलाश शुरू की। पुलिस ने थाने के सामने नाकाबंदी की, लेकिन चालक ट्रक लेकर वहां से निकल गया। इसके बाद उसने अरूर्वा के आगे टोल नाके पर लगे बैरियर को तोड़कर भागने का प्रयास किया।

पुलिस टीम ने पीछा जारी रखा और खेड़ली मंडी में आगे वाहन आने पर ट्रक को पकड़ लिया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर कठूमर थाने पहुंचा दिया है।

पुलिस के अनुसार, परिजनों की रिपोर्ट मिलने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here