भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं से किया संवाद

0
11
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

मोबाइल कॉल के जरिए सेवा संकल्प अभियान में जुटने का आह्वान, 7 अक्टूबर के संकल्प सभा और सेवा ज्योति कार्यक्रम में अधिकाधिक भागीदारी की अपील

 
जयपुर। रूपनारायण सांवरिया।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दौसा में आयोजित भाजपा की जिला बैठक में मोबाइल फोन के माध्यम से कार्यकर्ताओं से संवाद किया। भाजपा के प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया बैठक को संबोधित कर रहे थे, इसी दौरान नितिन नवीन का फोन आया और उन्होंने कार्यकर्ताओं से सीधे बातचीत की।

नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 7 अक्टूबर को संकल्प सभा और सेवा ज्योति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान

भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान विभिन्न सेवा और जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उनके प्रभाव की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है।

अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर ‘आशीर्वाद का एक दिया’ कार्यक्रम से हुई। इसके बाद ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘चित्र सेवा’, ‘नमो सेवा’, ‘अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

स्कूलों में होंगी चित्रकला प्रतियोगिताएं

‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत स्कूली विद्यार्थियों के लिए ‘विकसित भारत संकल्प’ और ‘25 साल सेवा’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

वहीं ‘अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के माध्यम से राजस्थान के गांव-गांव में नुक्कड़ नाटकों के जरिए केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे लोगों के जीवन में आए बदलाव की जानकारी दी जाएगी।

आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का होगा सम्मान

‘आंगन मिलन सेवा’ अभियान के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा सहयोगिनियों का सम्मान किया जाएगा। वहीं ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों के जीवन में आए बदलावों की कहानियां आमजन तक पहुंचाई जाएंगी।

‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

युवाओं और नवाचारकर्ताओं को जनसेवा से जोड़ने की पहल

‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत सामाजिक बदलाव के लिए विभिन्न सेवा कार्य किए जाएंगे। ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ अभियान में रंगोली, लोककला और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।

वहीं ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के जरिए युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स और नवाचारकर्ताओं की प्रतिभा को जनसेवा से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।

अभियान के समापन चरण में ‘सुशासन सेवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं से अभियान की सभी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here