लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बोले- सत्य, अहिंसा और सादगी को जीवन में उतारें
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों और मूल्यों को जीवन में अपनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, त्याग और सत्याग्रह के माध्यम से देश को स्वतंत्रता की राह दिखाई। उनका जीवन और विचार आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। गांधीजी ने स्वच्छता, स्वदेशी, ग्राम स्वराज और आत्मनिर्भरता के जरिए सशक्त और स्वावलंबी भारत की दिशा दिखाई।
वहीं, मुख्यमंत्री ने लाल बहादुर शास्त्री को सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि शास्त्रीजी ने कठिन परिस्थितियों में देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका प्रसिद्ध ‘जय जवान, जय किसान’ का मंत्र आज भी देश की सुरक्षा और विकास के लिए प्रासंगिक है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि गांधी और शास्त्री के आदर्श केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि वर्तमान और भविष्य के लिए भी मार्गदर्शक हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से उनके मूल्यों को आचरण में उतारते हुए स्वच्छ, समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।






















































