सुमेरपुर में सीएम भजनलाल का कार्यकर्ताओं से संवाद 

0
15
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 पंचायत चुनावों की तैयारियों में जुटने का आह्वान

‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ के मंत्र के साथ गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचाएं सरकार की योजनाएं

सुमेरपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को सुमेरपुर में पाली, जालोर और सिरोही जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने हाल में हुए निकाय चुनावों में पार्टी को मिले जनसमर्थन के लिए कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए अब आगामी पंचायत चुनावों की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों पर जनता ने विश्वास जताया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 309 नगरीय निकायों में से 204 में भाजपा के बोर्ड बने हैं। पाली जिले के सभी 10 निकायों, सिरोही के 6 में से 5 और जालोर के 5 में से 4 निकायों में भाजपा के बोर्ड बनने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अब इसी जनसमर्थन को पंचायत स्तर तक संगठन की सक्रियता में बदलने की जरूरत है।

पंचायत चुनावों के लिए गांव-गांव संपर्क पर जोर

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आगामी पंचायत चुनावों को देखते हुए संगठन को प्रत्येक बूथ, पंचायत और वार्ड तक सक्रिय किया जाए। ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ के मंत्र के साथ गांव-गांव और ढाणी-ढाणी पहुंचकर सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि युवाओं, महिलाओं, किसानों सहित समाज के प्रत्येक वर्ग से निरंतर संवाद बनाए रखा जाए और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने में कार्यकर्ता भूमिका निभाएं।

पाली, सिरोही और जालोर में विकास कार्यों का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि पाली जिले में पिछले पौने तीन वर्षों में 7,102 करोड़ रुपये, सिरोही में 2,835 करोड़ रुपये और जालोर में 1,100 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इनमें सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और औद्योगिक विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

सेवा संकल्प अभियान में भागीदारी की अपील

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेश में चल रहे सेवा संकल्प अभियान में कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन की ताकत कार्यकर्ताओं की सक्रियता से बढ़ती है और कार्यकर्ताओं को राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ जनसेवा के कार्यों में जुटे रहना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here