लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भाजपा को 9, निर्दलीयों को 9 और माकपा को मिली एक सीट; मैना कंवर ने एक वोट से दर्ज की जीत
लोकटुडे न्यूज़ नेटवर्क
लोसल (सीकर)। रिपोर्ट: ओमप्रकाश सैनी
लोसल नगर पालिका चुनाव के नतीजों में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। कांग्रेस ने 35 में से 16 वार्डों में जीत दर्ज की है। भाजपा को 9, निर्दलीय प्रत्याशियों को 9 और माकपा को एक सीट मिली है। चुनाव परिणाम सामने आने के बाद लोसल नगर पालिका में तीसरी बार कांग्रेस का बोर्ड बनने की संभावनाएं मजबूत हो गई हैं।
कांग्रेस 16 सीटों के साथ बहुमत के आंकड़े के करीब पहुंच गई है। हालांकि बोर्ड गठन में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो सकती है। चुनाव परिणाम के बाद अब अध्यक्ष पद को लेकर भी राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
एक वोट से जीतीं मैना कंवर
लोसल चुनाव के कई वार्डों में मुकाबला बेहद करीबी रहा। वार्ड नंबर 30 में निर्दलीय प्रत्याशी मैना कंवर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय भंवर कंवर को महज एक वोट से शिकस्त दी।
वहीं वार्ड नंबर 18 में कांग्रेस प्रत्याशी गौरी शंकर शर्मा ने भाजपा के प्रेम राज कुमावत को मात्र दो वोटों के अंतर से हराया।
भाजपा के कई दिग्गजों को मिली हार
चुनाव परिणाम में भाजपा के कई प्रमुख चेहरों को भी हार का सामना करना पड़ा। भाजपा नेता एवं पूर्व पालिका अध्यक्ष गोविंद राम बिजारणियां, उनकी पुत्रवधू मंजू देवी, पूर्व मंडल अध्यक्ष बंशीधर शर्मा की पुत्री अरुणा शर्मा और वर्तमान भाजपा मंडल अध्यक्ष जोधराज रेगर अपनी सीट नहीं बचा सके।
इन नेताओं की हार को लोसल के चुनाव परिणाम की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं में माना जा रहा है।
टिकट नहीं मिला तो निर्दलीय मैदान में उतरे, मिले सिर्फ 88 वोट
कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने के बाद निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में उतरे पूर्व पालिका अध्यक्ष बाबूलाल कुमावत को भी करारा झटका लगा। उन्हें चुनाव में महज 88 वोट मिले।
बोर्ड गठन पर टिकी नजर
लोसल नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस 16 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी है। भाजपा और निर्दलीयों के खाते में 9-9 सीटें हैं, जबकि एक सीट माकपा ने जीती है।
अब चुनाव परिणाम के बाद सभी की नजरें बोर्ड गठन और अध्यक्ष पद के समीकरण पर टिकी हैं। कांग्रेस के तीसरी बार बोर्ड बनाने की तैयारी के बीच निर्दलीय पार्षदों की भूमिका भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।














































