लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सैकड़ों मुस्लिम समाजजनों ने लिया हिस्सा
जामा मस्जिद बड़ी चौपड़ से घाटगेट तक गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में मुस्लिम समाज की बढ़-चढ़कर भागीदारी
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क | जयपुर | रूपनारायण सांवरिया
जयपुर में शुक्रवार को ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा राजस्थान की ओर से विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आयोजित इस यात्रा में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष हमीद खान मेवाती के नेतृत्व में सैकड़ों मुस्लिम समाजजनों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ जयपुर की जामा मस्जिद, बड़ी चौपड़ से हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल हुए। यात्रा बड़ी चौपड़ से रवाना होकर रामगंज बाजार, नवाब का चौराहा होते हुए घाटगेट पहुंची। पूरे मार्ग में राष्ट्रभक्ति का माहौल नजर आया और जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया।
तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष हमीद खान मेवाती ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। देश का हर नागरिक तिरंगे से भावनात्मक रूप से जुड़ा हुआ है। स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीरों के त्याग और संघर्ष की याद दिलाता है।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से देशवासियों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। मुस्लिम समाज की बड़ी संख्या में भागीदारी देश की एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश देती है।
यात्रा में दिखा उत्साह
बड़ी चौपड़ से रामगंज बाजार और घाटगेट तक तिरंगा यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं और समाजजनों में खासा उत्साह देखने को मिला। हाथों में तिरंगा लेकर लोग देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते रहे। यात्रा के समापन पर आयोजकों ने सभी समाजजनों, कार्यकर्ताओं और आमजन का आभार व्यक्त किया तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया।
ये प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद
यात्रा में मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हुसैन खान, पूर्व अध्यक्ष एम. सादिक खान, फिरोज खान, पूर्व मदरसा बोर्ड अध्यक्ष हियादत खान धौलिया, पूर्व दरगाह कमेटी सदस्य मुनव्वर खान, पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तस्लीम बानो, पूर्व राष्ट्रीय मंत्री रेशमा हुसैन, प्रदेश महामंत्री जंग बहादुर पठान, प्रदेश उपाध्यक्ष जावेद खान, प्रदेश कोषाध्यक्ष फरमान कुरैशी, कार्यालय मंत्री परवेज खान, प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी मोहम्मद इरशाद खान, प्रदेश प्रवक्ता सईद मानव, जफर मिर्जा, शाहनवाज अंसारी, अनस पठान, मिज़ान मिर्जा, फरीदुद्दीन शेख, गुलजार कुरैशी, वहीद खान, मनसूफ खान, नवाब कुरैशी, फैजान मोहम्मद और मुस्ताक खान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।













































